जालंधर में कमिश्नरेट पुलिस की ओर से शादी-विवाह, पार्टियों, रेस्टोरेंट और कैफे में खुलेआम हथियार रखने और हवाई फायरिंग करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद रेडिसन कॉलोनी में डीएवी कॉलेज के नजदीक आयोजित एक समारोह में खुलेआम हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में मेयर विनीत धीर पार्टी में डांस करते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके सामने एक व्यक्ति हवाई फायरिंग कर रहा है।
इस मामले को लेकर भाजपा के जालंधर नॉर्थ से पूर्व विधायक केडी भंडारी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि समारोह में मेयर, कई पार्षद और पार्षदों के पति मौजूद थे। नाचना कोई गलत बात नहीं है, लेकिन खुलेआम फायरिंग करना गंभीर अपराध है। इससे किसी की जान भी जा सकती थी। उन्होंने सवाल किया कि मेयर के साथ सुरक्षा कर्मी मौजूद होने के बावजूद ऐसी घटना कैसे हुई और उस समय पुलिस कहां थी?
केडी भंडारी ने बताया कि उन्होंने सुबह पुलिस कमिश्नर से बातचीत कर वीडियो और रिकॉर्डिंग भेजी है। पुलिस कमिश्नर ने कानून के मुताबिक कार्रवाई का भरोसा दिया है। भंडारी ने पुलिस कमिश्नर और डीजीपी से अपील की कि फायरिंग करने वाले दोनों व्यक्तियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए, चाहे व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
