मोगा में देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत पर मौके पर पहुंची पंजाब पुलिस की पीसीआर टीम पर प्रवासी लोगों द्वारा कथित रूप से लोहे की पाइप, ईंट और पत्थरों से हमला किए जाने की घटना की एंटी करप्शन एंटी क्राइम ऑर्गेनाइजेशन (रजि.) की प्रमुख मंजू अरोड़ा ने कड़ी निंदा की है।
मंजू अरोड़ा ने अपने बयान में कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात अपनी जान जोखिम में डालकर आम लोगों की सुरक्षा के लिए ड्यूटी निभाते हैं और उन पर इस तरह का हिंसक हमला कानून के प्रति खुलेआम चुनौती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। घटना में शामिल सभी आरोपियों की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी कानून अपने हाथ में लेने की हिम्मत न कर सके।
मंजू अरोड़ा ने घायल पुलिसकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन का मनोबल बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी अपील की कि किसी भी विवाद या शिकायत की स्थिति में कानून का सम्मान करें और हिंसा का रास्ता अपनाने के बजाय प्रशासन का सहयोग करें।
